लालकुआं। नगरवासियों के बेहतर स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल द्वारा रविवार को एक विशाल निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर शहर के होली ट्रिनिटी पब्लिक स्कूल में आयोजित होगा।

मिल प्रबंधन द्वारा जारी सर्कुलर के अनुसार, स्वास्थ्य शिविर सुबह 10:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक चलेगा, जिसमें विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
शिविर में खून की जांच, हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, ईसीजी तथा फेफड़ों की जांच जैसी महत्वपूर्ण जांचें मुफ्त में की जाएंगी। इसके अलावा जनरल फिजिशियन, छाती रोग विशेषज्ञ, गुर्दा रोग विशेषज्ञ, जनरल सर्जन, बाल रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, न्यूरो फिजिशियन और स्त्री रोग विशेषज्ञ सहित कई विशेषज्ञ चिकित्सक मौजूद रहेंगे, जो लोगों को परामर्श देंगे।
सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल प्रबंधन ने नगरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाएं।

