- हल्द्वानी/काठगोदाम। दिल्ली से दोस्त की शादी में शामिल होने भीमताल आ रहे गणाई गंगोली (बेरीनाग) निवासी पंकज पांडे जहरखुरानों का शिकार हो गए। बदमाशों ने उनका मोबाइल और पर्स लूटने के साथ ही फोन के जरिए करीब एक लाख रुपये का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन भी कर डाला। युवक काठगोदाम के शीशमहल क्षेत्र में बेहोशी की हालत में मिला।
जानकारी के अनुसार पंकज पांडे वर्तमान में दिल्ली के बदरपुर बॉर्डर क्षेत्र में रहकर डिजिटल मार्केटिंग का कार्य करते हैं। वह सोमवार देर रात आनंद विहार से काठगोदाम डिपो की रोडवेज बस में सवार हुए थे। आरोप है कि रास्ते में जहरखुरानों ने उन्हें नशीला पदार्थ सुंघाकर या पिलाकर निशाना बनाया।
मंगलवार सुबह करीब पांच बजे बस स्टाफ ने उन्हें काठगोदाम के शीशमहल क्षेत्र में उतार दिया, जहां वह अचेत अवस्था में पड़े मिले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी।
कठघरिया निवासी हिमांशु कांडपाल ने बताया कि मंगलवार सुबह दिल्ली में रह रहे उनके ससुर का फोन आया कि उनके बेटे पंकज के साथ कोई अनहोनी हो गई है। मॉर्निंग वॉक पर निकले एक व्यक्ति को पंकज ने किसी तरह अपने पिता का मोबाइल नंबर बताया, जिसके बाद परिजनों को सूचना मिल सकी। हिमांशु मौके पर पहुंचे तो पंकज बदहवास हालत में मिले।
घटना के बाद पंकज को तत्काल कुसुमखेड़ा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें आईसीयू में रखा गया है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत में हल्का सुधार है।
मामले की सूचना काठगोदाम थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच जारी है

