बिंदुखत्ता को जल्द मिलेगा राजस्व गांव का दर्जा, मुख्यमंत्री धामी ने दिए अधिकारियों को निर्देश

खबर शेयर करें -

लालकुआं। बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर बिंदुखत्ता संघर्ष समिति के 10 सदस्यीय शिष्टमंडल ने देहरादून पहुंचकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। यह शिष्टमंडल भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी के नेतृत्व में मंगलवार की शाम देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री से मिला।

 

भेंट के दौरान शिष्टमंडल ने बिंदुखत्ता को अभिलंब राजस्व गांव घोषित किए जाने की जोरदार मांग रखते हुए अब तक किए गए संघर्ष और प्रयासों की विस्तृत जानकारी मुख्यमंत्री को दी। इस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बिंदुखत्ता को शीघ्र ही राजस्व ग्राम का दर्जा दिलाने का आश्वासन दिया। साथ ही पूर्व में विलोपित की गई राजस्व गांव संबंधी मुख्यमंत्री की घोषणा को पुनः मुख्यमंत्री की घोषणा में शामिल करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
मुख्यमंत्री ने मौके पर ही दूरभाष के माध्यम से अधिकारियों को बिंदुखत्ता को राजस्व गांव घोषित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने जिलाधिकारी नैनीताल को भी निर्देशित किया कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर इस मामले में आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूर्ण की जाए।
मुख्यमंत्री से भेंट करने वाले शिष्टमंडल में भाजपा मंडल अध्यक्ष नवीन पपोला, अर्जुन नाथ गोस्वामी, भरत नेगी, पूरन बोरा, कैप्टन प्रताप सिंह बिष्ट, कैप्टन दलवीर सिंह कफोला, चंचल सिंह कोरंगा, भुवन भट्ट, श्याम सिंह रावत एवं प्रमोद कलोनी शामिल रहे। इस दौरान भाजपा नेता दीपेंद्र कोश्यारी एवं बिंदुखत्ता के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी सौंपा।

Ad Ad
Breaking News