देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल ने मुख्य कोषागार देहरादून में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रमुख राज्य आंदोलनकारी एवं वरिष्ठ पेंशनर श्रीमती गायत्री ढोंडियाल को सम्मानित किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने श्रीमती ढोंडियाल को पुष्पगुच्छ, शॉल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी सविन बंसल एवं राज्य आंदोलनकारी गायत्री ढोंडियाल ने संयुक्त रूप से पेंशनरों की सुविधा के लिए जिला योजना से 25 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित ‘आरोहण’ सभागार का विधिवत लोकार्पण भी किया। साथ ही मुख्य कोषागार कार्यालय को कार्य दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से 10 नए कंप्यूटर उपलब्ध कराने की स्वीकृति प्रदान की गई।
इस अवसर पर श्रीमती गायत्री ढोंडियाल को पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) जारी किए जाने की भी आधिकारिक मंजूरी दी गई, जिससे उन्हें नियमित पेंशन सुविधा का लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, मुख्य कोषाधिकारी नीतू भंडारी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

