लालकुआं। नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी की पुत्री सोनाक्षी लोटनी ने खेल जगत में नया इतिहास रचते हुए उत्तराखंड महिला अंडर-15 क्रिकेट टीम में स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई।
सोनाक्षी वर्तमान में श्रीमती अमृति देवी क्रिकेट अकादमी, बिंदुखत्ता से प्रशिक्षण ले रही हैं। यह अकादमी महिला खिलाड़ियों को निशुल्क प्रशिक्षण उपलब्ध कराती है और अब तक यहां से 15–20 खिलाड़ी उत्तराखंड महिला क्रिकेट बोर्ड के विभिन्न स्तरों पर चयनित होकर अपना प्रदर्शन दे चुकी हैं।
कक्षा 8 की छात्रा सोनाक्षी एचसी मेमोरियल स्कूल, दौलिया हल्दूचौड़ में अध्ययनरत हैं। विद्यालय प्रबंधक सौरभ पंत के अनुसार सोनाक्षी न केवल क्रिकेट में, बल्कि अन्य खेलों में भी शानदार प्रदर्शन कर चुकी हैं। वह जिला स्तरीय 200 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर चुकी हैं, इसके साथ ही खो-खो और मुख्यमंत्री उदीयमान प्रतियोगिता में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं। पढ़ाई में भी सोनाक्षी हमेशा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण रहती हैं।
क्षेत्रवासियों, अभिभावकों और प्रशिक्षकों ने सोनाक्षी लोटनी की इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन की कामना की है।

