हल्द्वानी। नैनीताल-उधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने काठगोदाम-दिल्ली-काठगोदाम के मध्य दैनिक प्रातःकालीन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से दूरभाष पर वार्ता की।
सांसद भट्ट ने रेल मंत्री को बताया कि काठगोदाम कुमाऊं क्षेत्र का प्रमुख रेलवे स्टेशन है, जो पूरे क्षेत्र के लिए प्रवेश द्वार का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के बाद देशभर से श्रद्धालुओं का उत्तराखंड की ओर आवागमन बढ़ा है। काठगोदाम से प्रतिदिन हजारों यात्री दिल्ली सहित देश के विभिन्न हिस्सों की यात्रा करते हैं, लेकिन मौजूदा ट्रेनों की समय-सारिणी यात्रियों के लिए, विशेषकर सुबह के समय, असुविधाजनक बनी हुई है।
भट्ट ने कहा कि यदि काठगोदाम-दिल्ली के बीच दैनिक प्रातःकालीन वंदे भारत एक्सप्रेस चलाई जाती है, तो यात्रियों को दिल्ली प्रातःकाल पहुंचने और शाम को काठगोदाम लौटने में सुविधा मिलेगी। इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों में भी तेजी आएगी।
सांसद ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने पूर्व में भी 02 जुलाई 2025 को पत्रांक संख्या 10464/सांसद/लोकसभा/2025 के माध्यम से रेल मंत्री को पत्र भेजा था। हालिया वार्ता के दौरान डीआरएम इज्जतनगर मंडल द्वारा यह जानकारी दी गई कि काठगोदाम में मेंटेनेंस सुविधा उपलब्ध न होने के कारण सेवा शुरू नहीं हो पा रही है।
इस पर भट्ट ने स्पष्ट किया कि काठगोदाम और लालकुआं दोनों स्टेशनों पर मेंटेनेंस की व्यवस्था मौजूद है, इसलिए जनहित में इस सेवा का शीघ्र संचालन प्रारंभ किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन सेवा कुमाऊं की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करेगी।

