उत्तराखंड के गांवो में गुलदार की चहलकदमी से दहशत, सीसीटीवी में कैद हुई हरकतें

खबर शेयर करें -

 
अल्मोड़ा। हवालबाग ब्लाक के मटेला गांव में गुलदार के रिहायशी इलाके में पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। दिन-दहाड़े घरों के आसपास घूमते गुलदार की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई करते हुए गुलदार को पकड़ने की मांग की है, क्योंकि वह लगातार पालतू जानवरों को अपना शिकार बना रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, गुलदार पिछले कई वर्षों से गांव में आतंक का पर्याय बना हुआ है और अब तक सैकड़ों पालतू पशुओं को निवाला बना चुका है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में एक नहीं, बल्कि कई गुलदारों की मौजूदगी की संभावना है। दिन के समय झाड़ियों में छिपकर वह मुर्गियों पर हमला करता है, जबकि रात को घरों और सड़कों के आसपास घूमता नजर आता है।

बीते शुक्रवार को गुलदार की गतिविधियां मटेला निवासी गोपाल सिंह बिष्ट के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुईं। फुटेज में गुलदार को दोपहर करीब तीन बजे और रात नौ बजे घर के पास घूमते देखा गया। शनिवार को जब ग्रामीणों ने फुटेज देखी, तो पूरे गांव में दहशत फैल गई।

ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द राहत दिलाने और गुलदार को पकड़ने की मांग की है, ताकि लोगों और मवेशियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

वन क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा मोहन राम ने बताया कि “प्रभावित क्षेत्रों में वन विभाग की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।”

Ad Ad
Breaking News