मंडी के भीतर युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। बरेली रोड स्थित मंडी परिसर में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक और एक युवती के शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुए। दोनों के सिर पत्थरों से कुचले हुए पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आशंका है कि दोनों की हत्या कहीं और करने के बाद शवों को मंडी के सुनसान क्षेत्र में फेंका गया। पहचान छिपाने के उद्देश्य से चेहरों को क्षत-विक्षत किया गया प्रतीत होता है, जिसके कारण उनकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। मौके से मिले पहचान पत्र भी संदिग्ध बताए जा रहे हैं।
सुबह मंडी में काम के लिए पहुंचे मजदूरों और व्यापारियों ने शव देखे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सार्वजनिक स्थान पर दो शव मिलने की खबर से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, उच्चाधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। घटनास्थल को सील कर साक्ष्य संकलन के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने आवश्यक सबूत जुटाए। बताया जा रहा है कि युवक के पास से दो आईडी कार्ड मिले हैं, जिनमें एक जनपद चंपावत और दूसरा जनपद अल्मोड़ा का है। दोनों की उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष के बीच आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों से मिलान किया जा रहा है।
एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ अमित कुमार और कोतवाल विजय मेहता सहित अन्य अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद रहे। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मृतकों की शिनाख्त होने के बाद ही घटना के कारणों और परिस्थितियों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

Ad Ad
Breaking News