लालकुआं। होली पर्व के आगमन पर श्री श्याम कृपा परिवार की ओर से आयोजित फागोत्सव कार्यक्रम से पूर्व रविवार को नगर में भव्य निशान यात्रा निकाली गई। इस अवसर पर हजारों श्याम भक्तों ने संगीतमय धुनों के बीच पूरे नगर का भ्रमण करते हुए श्री श्याम का गुणगान किया, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया।
निशान यात्रा का शुभारंभ रविवार दोपहर अवंतिका कुंज देवी मंदिर प्रांगण से हुआ। यात्रा में श्याम भक्त हाथों में “जय श्री श्याम” लिखे रंग-बिरंगे झंडे लहराते हुए खाटू नरेश के जयकारे लगाते चल रहे थे। शोभायात्रा नगर के मुख्य बाजार सहित विभिन्न वार्डों से होकर गुजरी और वार्ड नंबर एक स्थित राजकीय इंटर कॉलेज प्रांगण में संपन्न हुई, जहां श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
यात्रा के दौरान नगर के विभिन्न स्थानों पर व्यापारियों, भारत विकास परिषद के कार्यकर्ताओं एवं वरिष्ठ समाजसेवी वेद प्रकाश अनेजा द्वारा पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। साथ ही पेयजल एवं फलों की व्यवस्था भी की गई।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी, श्री श्याम कृपा परिवार के राहुल मित्तल, पंकज गुप्ता, ऋतुल शर्मा, संदीप घई, अनिल पाल, राहुल सिंह, मोहन पाल, कार्तिक जोशी, शशि अग्रवाल, अजय कोहली, प्रवीण जोशी, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हेमवती नंदन दुर्गापाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष दीवान सिंह बिष्ट, सभासद धन सिंह बिष्ट, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष पवन कुमार चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

