-
लालकुआं। बिंदुखत्ता के तिवारी नगर में झांझर सांस्कृतिक कला मंच के तत्वावधान में आयोजित गढ़ कुमु महोत्सव के चतुर्थ दिवस का आयोजन लोकसंस्कृति, संगीत और उत्साह के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद अजय भट्ट एवं पूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।
कार्यक्रम में घुघुति जागर टीम ने पारंपरिक जागर एवं लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को लोक आस्था और परंपरा से रूबरू कराया। इसके साथ आयोजित कवि सम्मेलन में कवियों ने समाज, संस्कृति एवं समसामयिक विषयों पर आधारित रचनाओं का पाठ कर श्रोताओं से खूब तालियां बटोरीं।
महोत्सव में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं क्षेत्रीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध लोक गायक जितेंद्र तोमक्याल ने अपने लोकप्रिय गीतों से उत्तराखंडी लोकसंस्कृति की खुशबू बिखेरी। उनके गीत “संगीता में फोन करूला” पर दर्शक झूमते नजर आए और पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा।
वहीं लोक गायिका बेबी प्रियंका ने मधुर स्वर में लोकगीतों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं का दिल जीत लिया। राकेश जोशी एवं पुष्पा पुरोहित ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को और रंगीन बना दिया। हिमालय कला केंद्र बिंदुखत्ता की टीम द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भी खूब सराहा गया।
कार्यक्रम में देर रात तक बड़ी संख्या में दर्शकों ने सहभागिता कर आयोजन का आनंद लिया। कार्यक्रम के संयोजक एवं लोक गायक जीवन पांडे ने सभी कलाकारों, अतिथियों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष नवीन पपोला सहित दीपक जोशी, प्रकाश मिश्रा, कमलेश चंदोला, जीवन पंत, मोहन शर्मा, बिशन बोहरा, नारायण शर्मा, हरेंद्र रौतेला, पंकज कोरंगा, कमल पांडे, हिमांशु भट्ट, जगदीश पाठक, नीरज द्विवेदी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

