हल्द्वानी। काठगोदाम रेलवे स्टेशन के पास एक युवक और उसकी महिला मित्र पर कुछ युवकों ने धारदार चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि युवती भी चोटिल होकर बेहोश हो गई। घायल युवक को गंभीर हालत में बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 13, कुष्ठ आश्रम के पास राजपुरा निवासी बच्ची देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गुरुवार शाम करीब पांच बजे उनका 18 वर्षीय बेटा अपनी महिला मित्र को लेने आनंदपुरी फेज-2 मुखानी से काठगोदाम गया था। आरोप है कि दोनों काठगोदाम रेलवे स्टेशन के सामने स्थित एक कैफे के पास खड़े थे, तभी कुछ युवक वहां पहुंचे और उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि हमलावर कार, ऑटो और बाइक से आए थे। आरोपियों ने युवक पर लगातार चाकू से वार किए, जिससे वह लहूलुहान हो गया। युवक के पेट में दो गंभीर वार किए गए। उसकी महिला मित्र पर भी हमला किया गया, जिससे वह बेहोश हो गई।
घटना के बाद आरोपी फरार होने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए दो आरोपियों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए काठगोदाम थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया। थाना काठगोदाम में एफआईआर संख्या 23/26 धारा 109(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और सीओ हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष काठगोदाम विमल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ और दबिश के बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में विकास सिंह बिष्ट उर्फ गैड़ा (18 वर्ष) निवासी नवाबी रोड, हल्द्वानी तथा एक विधि विवादित किशोर शामिल है। पूछताछ के दौरान नाबालिग आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तेज धारदार चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस ने विकास सिंह बिष्ट को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नाबालिग आरोपी को संरक्षण में लेकर न्यायालय/जेजे बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है।
थानाध्यक्ष विमल मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पुराने विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पूछताछ में सामने आया है कि हमलावर और घायल युवक पहले आपस में दोस्त थे।

