भाजपा में अनुशासनहीनता पर कड़ा एक्शन: बागी नेताओं पर गिरी गाज, दो पदाधिकारी पदमुक्त

खबर शेयर करें -

 

हल्द्वानी।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने एक बड़ा फैसला लेते हुए पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल दो वरिष्ठ पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से उनके पदों से हटा दिया है। नैनीताल भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने यह कार्रवाई करते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि है और अनुशासनहीनता को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पद से हटाए गए नेताओं में भाजपा जिला मंत्री प्रमोद बोरा और जिला उपाध्यक्ष लाखन निगल्टिया शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, प्रमोद बोरा रामड़ी आनसिंह पनियाली सीट से अपनी पत्नी को चुनाव मैदान में उतार चुके हैं, जबकि लाखन निगल्टिया की पत्नी पार्टी की अधिकृत प्रत्याशी बेला तोलिया के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं। दोनों ही नेता पार्टी लाइन से हटकर कार्य कर रहे थे, जिसे संगठन ने पार्टी विरोधी गतिविधि माना है।

जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने इस निर्णय की पुष्टि करते हुए कहा, “भारतीय जनता पार्टी में अनुशासन से बड़ा कुछ नहीं है। पार्टी प्रत्याशियों के खिलाफ काम करने वालों के लिए संगठन में कोई स्थान नहीं है। पार्टी की एकता और मजबूती बनाए रखने के लिए यह जरूरी कदम था।”

पार्टी सूत्रों की मानें तो यह कार्रवाई एक सख्त संदेश है कि चुनावी समय में संगठन से गद्दारी करने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। आने वाले समय में भी यदि कोई कार्यकर्ता या पदाधिकारी पार्टी निर्देशों की अवहेलना करता है तो उस पर भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई होगी।

भाजपा के इस फैसले को चुनावी अनुशासन मजबूत करने और संगठनात्मक मजबूती की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Breaking News