हल्द्वानी। शहर में शुद्धता और भरोसे का दावा करने वाले एक ज्वेलर द्वारा ग्राहकों से लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और नकदी लेकर फरार होने का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि ज्वेलर करीब 228.3 ग्राम सोना और भारी नकदी लेकर अचानक लापता हो गया। इस मामले में ज्वेलर की पत्नी ने पहले ही मुखानी थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई है।
लामाचौड़ क्षेत्र की कई महिलाओं ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल को शिकायती पत्र सौंपकर ‘मां भगवती ज्वैलर्स’ के संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। महिलाओं का आरोप है कि जब वे अपनी शिकायत लेकर मुखानी थाने पहुंचीं तो उनकी बात गंभीरता से नहीं सुनी गई।
पीड़ितों के अनुसार, लामाचौड़ स्थित मां भगवती ज्वैलर्स का संचालन नरेंद्र सिंह रावत और उनकी पत्नी पूजा रावत, निवासी ग्राम मोड़ी, ताड़ीखेत (अल्मोड़ा) द्वारा किया जा रहा था। बताया गया कि नरेंद्र रावत पिछले कई वर्षों से लामाचौड़ में रहकर लोगों से नए गहने बनाने, पुराने जेवर ठीक करने और सुरक्षित रखने के नाम पर सोना व नकदी लेता रहा।
आरोप है कि 6 फरवरी को ज्वेलर अचानक दुकान बंद कर फरार हो गया। उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है।
एसएसपी को दिए गए शिकायती पत्र में सात लोगों ने अपनी शिकायत दर्ज कराई है। पूरन सिंह बोहरा ने 40.550 ग्राम सोने के गहने और 100 ग्राम का सोने का सिक्का देने की बात कही है। बसंती देवी ने 21.280 ग्राम सोना, 50 हजार रुपये नगद और 50 हजार रुपये ऑनलाइन देने का आरोप लगाया है। पुष्पा कन्याल ने 20 ग्राम सोना और 1.85 लाख रुपये नकद दिए। हेमलता दानू ने 26.4 ग्राम सोना, 27 हजार रुपये नगद और 48 हजार रुपये ऑनलाइन जमा कराए होने की जानकारी दी है।
पीड़ितों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उनकी जमा संपत्ति और रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

