उधम सिंह नगर, खटीमा। चारूबेटा क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब नई बस्ती के पीछे जंगल में एक महिला का अधजला शव बरामद हुआ। महिला की पहचान अनीता (पत्नी सुरेश), निवासी नई बस्ती, चारूबेटा खटीमा के रूप में हुई है।
शनिवार सुबह अनीता घर से लापता थी। बच्चों ने जब मां के बारे में पूछताछ की, तो पता चला कि वह रात से ही घर नहीं लौटी थी। इसके बाद अनीता की ननद ने अपनी सहेली और कुछ ग्रामीणों के साथ मिलकर उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान घर से सटे जंगल में एक पेड़ के नीचे अधजला शव देखा गया। सूचना मिलते ही खटीमा कोतवाली पुलिस, क्षेत्राधिकारी विमल रावत के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए उप जिला चिकित्सालय खटीमा भेजा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।
फिलहाल, अनीता की मौत रहस्यमयी बनी हुई है और पुलिस इसे संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है।
मृतका अनीता अपने पीछे तीन मासूम बच्चों—9 वर्षीय रिया, 7 वर्षीय आयुष और 3 वर्षीय नव्या को बिलखता छोड़ गई है। परिवार और बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है।
क्षेत्र में इस सनसनीखेज वारदात के बाद दहशत का माहौल है और लोग महिला की दर्दनाक मौत के पीछे की सच्चाई जानने को बेचैन हैं।
