उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद (UBSE) द्वारा 10वीं और 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। राज्यभर से लाखों छात्रों ने इस परीक्षा में भाग लिया, जिनमें से बड़ी संख्या में विद्यार्थी सफलता प्राप्त कर आगे बढ़े हैं।
सफल छात्रों को शुभकामनाएं
परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले सभी विद्यार्थियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी जा रही हैं। एक संदेश में कहा गया—
“जो साथी किसी वजह से इस बार सफलता प्राप्त नहीं कर पाए, वो मन छोटा ना करें। दोबारा मेहनत करें, अगली बार वो जरूर सफल होंगे। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि जिंदगी की परीक्षा में पास होकर अच्छा इंसान बनना चाहिए, ताकि हर कोई आपसे प्रेरणा ले सके।”
10वीं के टॉपर्स की सूची जारी
उत्तराखंड बोर्ड ने 10वीं कक्षा के परिणामों के साथ-साथ टॉपर्स की सूची भी जारी कर दी है। इस वर्ष प्रथम स्थान संयुक्त रूप से दो छात्रों ने हासिल किया है:
- कमल सिंह चौहान (विवेकानंद VMIC, मंडलसेरा, बागेश्वर)
- जतिन जोशी (HGS SVM IC, कुसुमखेड़ा, हल्द्वानी, नैनीताल)
दोनों ने 500 में से 496 अंक प्राप्त कर 99.20% के साथ पहला स्थान साझा किया है।
दूसरे स्थान पर रही कनकलता (SVM IC, न्यू टिहरी, टिहरी गढ़वाल) ने 495 अंक (99.00%) प्राप्त किए हैं। वह लड़कियों की श्रेणी में भी प्रथम स्थान पर रही हैं।
तीसरे स्थान पर भी तीन छात्रों ने संयुक्त रूप से जगह बनाई:
- दिव्यम (गोस्वामी गणेश दत्त SVMIC, उत्तरकाशी)
- प्रिया (CAIC अगस्त्यमुनि, रुद्रप्रयाग)
- दीपा जोशी (PP SVMIC, नानकमत्ता, ऊधम सिंह नगर)
इन तीनों ने 494 अंक (98.80%) प्राप्त किए हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने दी बधाई
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले सभी छात्रों को सोशल मीडिया के ज़रिए बधाई दी। उन्होंने कहा, “आप लोग इसी तरह सफलता के नए सोपान छूएं, ईश्वर से मेरी यही प्रार्थना है।”
