उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की चेतावनी

खबर शेयर करें -

 

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार को प्रदेशभर में बारिश, तेज आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की आशंका जताते हुए अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, चंपावत और नैनीताल जिलों के लिए नारंगी अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही ओलावृष्टि और बिजली गिरने की भी संभावना है।

वहीं उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, उधम सिंह नगर और हरिद्वार जिलों के लिए पीली चेतावनी दी गई है। इन क्षेत्रों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और आंधी-तूफान का असर देखने को मिल सकता है।

राज्य के पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर और मैदानी क्षेत्रों में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।

राजधानी देहरादून में भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा। शहर में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। देहरादून का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील  की है।

Breaking News