गुरु पूर्णिमा पर हल्द्वानी में भव्य गुरु पूजन और यज्ञ महोत्सव, कपिल देव महाराज के सान्निध्य में उमड़े श्रद्धालु

खबर शेयर करें -

 

हल्द्वानी। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर हल्द्वानी में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रसिद्ध भागवताचार्य कपिल देव महाराज के आवास पर आयोजित भजन-कीर्तन, गुरु पूजन, व्यास पूजन और यज्ञ महोत्सव में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। भक्तजन सुबह से ही महाराज के दर्शन और पूजन के लिए उनके आवास पर पहुंचने लगे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिरस में सराबोर हो गया।

 

 

कपिल देव महाराज बीते दस वर्षों से भागवत कथा के प्रचार-प्रसार में संलग्न हैं और अब तक उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों में 81 भागवत कथाओं का वाचन कर चुके हैं। उनके ओजस्वी वचनों और आध्यात्मिक प्रवचनों ने हजारों श्रद्धालुओं के जीवन को नई दिशा दी है।

कार्यक्रम की शुरुआत भक्ति संगीत और मंत्रोच्चारण के साथ हुई। भक्तों ने गुरु चरणों में पुष्प अर्पित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। यज्ञ अनुष्ठान के दौरान गुरु भक्ति की भावधारा पूरे वातावरण में बहती रही। उपस्थित श्रद्धालुओं ने न केवल आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया, बल्कि गुरु-शिष्य परंपरा की गरिमा को भी हृदय से आत्मसात किया।

कपिल देव महाराज को पुरी पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी नयन दास जी और पद्मपुरी के संत अटल महाराज जी जैसे महान संतों का सान्निध्य और मार्गदर्शन प्राप्त रहा है, जो उनके आध्यात्मिक जीवन की प्रेरणा का प्रमुख स्रोत हैं।

कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण और सनातन मूल्यों पर आधारित संदेश के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने इस आयोजन को एक आध्यात्मिक उत्सव के रूप में अनुभव किया, जो जीवन में गुरु की महत्ता और श्रद्धा की शक्ति को प्रकट करता है।

 

Breaking News