हल्दूचौड़ की दुर्गापालपुर परमा बनी चुनावी हॉटस्पॉट, नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान मनीषा मलवाल की घोषणाएं बनी चर्चा का विषय..देखें वीडियो

खबर शेयर करें -

 


लालकुआं।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में हल्दूचौड़ की दुर्गापालपुर परमा ग्रामसभा इस बार सबसे अधिक सुर्खियों में रही। यहां से ग्राम प्रधान चुनी गईं मनीषा मलवाल की बड़ी घोषणाओं ने न सिर्फ ग्रामीणों को चौंकाया, बल्कि पूरे क्षेत्र में नई उम्मीदें जगा दी हैं।

 

मनीषा मलवाल ने अपने पति वरिष्ठ समाजसेवी सुरेंद्र सिंह मलवाल के साथ मिलकर शपथ ग्रहण से पहले ही गांव के विकास को लेकर करीब 30 बड़े ऐलान किए हैं। इनमें गांव के लिए एंबुलेंस सेवा, जिम, पुस्तकालय निर्माण, गरीब बेटियों की शादी में आर्थिक मदद, बेसहारा व्यक्तियों के अंतिम संस्कार का पूरा खर्च उठाने जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।

सबसे उल्लेखनीय बात यह रही कि मलवाल दंपति ने अपनी जेब से ग्रामसभा के विकास के लिए 50 लाख रुपये खर्च करने की घोषणा की है। चुनाव जीतने के बाद इतनी बड़ी व्यक्तिगत आर्थिक प्रतिबद्धता क्षेत्र में चर्चा का केंद्र बन गई है।

सूत्रों के अनुसार, इस ग्रामसभा से मैदान में उतरे अन्य दो प्रत्याशियों ने भी मामूली अंतर से चुनाव हारा। उन्होंने भी वोटरों से विकास के लिए निजी धन लगाने का वादा किया था, लेकिन जनता ने भरोसा मलवाल दंपति पर जताया।

चुनाव प्रचार के दौरान दुर्गापालपुर परमा में माहौल किसी मेले से कम नहीं रहा। मतदाताओं की छोटी से छोटी मांगें भी प्रत्याशियों द्वारा तुरंत पूरी की जा रही थीं। यह चुनावी रंगत पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।

उधर, पुलिस प्रशासन ने भी इस ग्रामसभा को विशेष निगरानी में रखा था। प्रत्याशियों के बीच कड़ी टक्कर और सोशल मीडिया पर तीखी टिप्पणियों को देखते हुए आशंका थी कि प्रचार के दौरान कोई अप्रिय घटना हो सकती है। हालांकि, चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न होने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।

अब सबकी निगाहें नवनिर्वाचित प्रधान मनीषा मलवाल पर टिकी हैं कि वह अपने वादों को जमीन पर कैसे उतारती हैं। यदि घोषणाएं हकीकत में तब्दील होती हैं, तो दुर्गापालपुर परमा निश्चित ही पूरे क्षेत्र के लिए एक मिसाल बन सकता है।


 

Breaking News