भीमताल झील में मिली महिला की लाश की शिनाख्त,  परिजनों  ने लगाया हत्या का आरोप

खबर शेयर करें -

 

हल्द्वानी। देवभूमि उत्तराखंड में भी अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सात जून की सुबह भीमताल झील में तैरता हुआ मिला एक महिला का शव अब पहचान में आ गया है। मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के जालौन जिले की रहने वाली पुष्पा तिवारी (27) पत्नी ऋषि तिवारी के रूप में हुई है। मंगलवार को हल्द्वानी पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त की।

जानकारी के अनुसार पुष्पा 29 मई को मायके से ससुराल जाने के लिए निकली थी, लेकिन वह घर नहीं पहुंची। इस पर परिजनों ने उरई थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बीते सोमवार को हल्द्वानी पुलिस से मिली सूचना के बाद पति ऋषि तिवारी ने शव की शिनाख्त पुष्पा के रूप में की।

परिजनों ने हत्या का आरोप पुष्पा के साथ होटल में ठहरे एक युवक अभिषेक पर लगाया है। बताया जा रहा है कि पुष्पा और अभिषेक प्रेम-प्रसंग में थे और दोनों 29 मई को एक साथ घर से निकले थे। पुष्पा के हाथ पर मेहंदी से लिखे गए दो नाम — पति ऋषि और अभिषेक — की मदद से पुलिस को मामले में अहम सुराग मिले। इसके आधार पर पुलिस ने भीमताल के एक होटल में पुष्पा और अभिषेक के साथ रुकने की पुष्टि की।

पुलिस जांच में सामने आया कि अभिषेक वारदात से पहले ही पूरी योजना बनाकर आया था। 27 मई को उसने नया सिम कार्ड खरीदा और 29 मई को पुष्पा को लेकर भीमताल पहुंचा। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, वारदात को अंजाम देर रात 1 बजे से 2:30 बजे के बीच दिया गया।

भवाली सीओ प्रमोद साह ने बताया कि जालौन पुलिस भीमताल पहुंच चुकी है और उन्हें मामले से जुड़े सभी साक्ष्य सौंप दिए गए हैं। आरोपी अभिषेक फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं। बताया जा रहा है कि वह पुष्पा के घर के पास का ही रहने वाला है।

पुलिस इसे प्रेम-प्रसंग और विश्वासघात से जुड़ा मामला मान रही है। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की उम्मीद है।

Breaking News