हल्द्वानी। बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट मंगलवार, 2 दिसंबर को अपना अहम फैसला सुना सकता है। संभावित निर्णय को देखते हुए बनभूलपुरा सहित पूरे शहर में प्रशासन और पुलिस हाई अलर्ट पर हैं। संवेदनशील माने जाने वाले इस क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है तथा इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
करीब 30 हेक्टेयर रेलवे भूमि पर हुए अतिक्रमण को लेकर वर्ष 2022 में नैनीताल हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई थी। इसके बाद 2023 में हाईकोर्ट ने भूमि खाली कराने के आदेश दिए थे। आदेशों का पालन कराने के दौरान विरोध प्रदर्शन बढ़ गया, जिसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा। तब से लगातार सुनवाई जारी थी और अब कोर्ट अपना अंतिम फैसला देने जा रहा है।
बनभूलपुरा क्षेत्र में लगभग 3660 मकान और करीब 5236 परिवार निवास करते हैं। फैसले के संभावित असर को देखते हुए पुलिस, प्रशासन और रेलवे अधिकारियों ने संयुक्त बैठकों में रणनीति तैयार की है। इलाके में आरपीएफ और पुलिस ने फ्लैग मार्च किया और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्रा ने कहा कि कोर्ट के फैसले को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। वहीं सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान ने स्पष्ट किया कि प्रशासन स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए है और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

