देहरादून/ उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने पीसीएस मुख्य परीक्षा का परिणाम निरस्त कर दिया है। यह वही परिणाम है जिसे आयोग ने 29 नवंबर को जारी किया था। तकनीकी खामियों का हवाला देते हुए परिणाम को वापस लेने के फैसले ने अभ्यर्थियों को गहरी निराशा और असमंजस में डाल दिया है।
हरिद्वार स्थित आयोग कार्यालय में तकनीकी गड़बड़ियों की जांच के बाद यह निष्कर्ष निकाला गया कि जारी परिणाम में कई त्रुटियाँ थीं। आयोग की ओर से जारी आधिकारिक सूचना में कहा गया है कि परिणाम में पाई गई तकनीकी गलतियों को ठीक करना जरूरी है, इसलिए जारी रिज़ल्ट को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जा रहा है। अब संशोधन के बाद नया रिज़ल्ट दोबारा जारी किया जाएगा।
इस निर्णय से हजारों अभ्यर्थी मानसिक दबाव में आ गए हैं। उम्मीदवारों का कहना है कि लंबी तैयारी और इंतजार के बाद रिज़ल्ट जारी हुआ, लेकिन अचानक निरस्त होने से उनका मनोबल टूट गया है। कई अभ्यर्थियों ने इसे उनकी मेहनत के साथ अन्याय बताया है।
वहीं आयोग का कहना है कि उनका उद्देश्य पारदर्शिता और सटीक परिणाम सुनिश्चित करना है। आयोग ने भरोसा दिलाया है कि संशोधित परिणाम जल्द जारी किया जाएगा। फिलहाल अभ्यर्थियों की निगाहें आयोग की अगली अधिसूचना पर टिकी हुई हैं।

