भीमताल। मंगलवार शाम भीमताल झील के किनारे उस समय हड़कंप मच गया जब एक विवाहिता ने अचानक झील में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद लोगों और नाविकों की तत्परता से महिला की जान बचा ली गई।
थानाध्यक्ष संजीत राठौर ने बताया कि झील में कूदने वाली महिला मूल रूप से नेपाल की रहने वाली है और इन दिनों अपने पति व बच्चों के साथ भीमताल में रह रही थी। पुलिस ने बताया कि यह मामला प्रथम दृष्टया पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
सूत्रों के अनुसार, विवाहिता कुछ दिनों से घर से लापता थी। परिजनों ने आरोप लगाया था कि वह किसी अन्य संप्रदाय के युवक के साथ फरार हो गई थी। परिजनों ने उसकी तलाश में काफी प्रयास किए और खर्च भी किया। बताया जा रहा है कि आज जब वह घर लौटी तो परिजनों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन इसी तनाव के बीच उसने झील में कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया।
फिलहाल पुलिस ने महिला और उसके परिजनों को थाने बुलाकर पूछताछ शुरू कर दी है। भीमताल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

