देहरादून। उत्तराखंड राज्य सरकार ने प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय की स्थापना को गति देने के लिए तीन प्रमुख पदों पर अंतरिम नियुक्तियाँ कर दी हैं। खेल मंत्री रेखा आर्य ने जानकारी दी कि सरकार ने विश्वविद्यालय के कुलपति, कुलसचिव और वित्त नियंत्रक की नियुक्ति कर दी है। सभी पदों पर यह नियुक्तियाँ अस्थायी रूप से एक वर्ष या स्थायी नियुक्तियों तक के लिए प्रभावी रहेंगी।
खेल मंत्री आर्य ने बताया कि आगामी 29 अगस्त, राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय के शिलान्यास समारोह की तैयारियाँ भी की जा रही हैं।
सरकार द्वारा की गई अंतरिम नियुक्तियाँ इस प्रकार हैं:
- कुलपति: विशेष प्रमुख सचिव (खेल) अमित सिन्हा को कुलपति का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।
- कुलसचिव: खेल निदेशक आशीष चौहान को कुलसचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
- वित्त नियंत्रक: खेल निदेशालय के वित्त अधिकारी वीएन पांडे को विश्वविद्यालय का वित्त नियंत्रक नियुक्त किया गया है।
रेखा आर्य ने स्पष्ट किया कि यह पदेन नियुक्तियाँ विश्वविद्यालय की स्थापना से जुड़ी प्रशासनिक प्रक्रियाओं को समय पर और सुचारू रूप से संचालित करने के लिए की गई हैं। सभी अधिकारियों को तत्काल अपने पदभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
खेल मंत्री ने उम्मीद जताई कि ये अधिकारी विश्वविद्यालय की प्रारंभिक गतिविधियों की निगरानी कर इसे शीघ्र ही पूर्ण रूप से कार्यशील बनाने की दिशा में कार्य करेंगे।
