लालकुआं। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत सोमवार को मतदान के दौरान लालकुआं क्षेत्र के जयपुर खीमा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में बड़ी चूक सामने आई। गांव के एक ही परिवार के पांच सदस्य जब वोट डालने पहुंचे, तो उन्हें बताया गया कि उनका मतदान पहले ही हो चुका है। यह सुनकर न सिर्फ वे अवाक रह गए बल्कि पूरी घटना ने ग्रामीणों को भी आक्रोशित कर दिया।
शाम होते-होते मतदान केंद्र के बाहर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई और उन्होंने मतदान प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए जमकर हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि संबंधित बूथ का मतदान तत्काल निरस्त कर पुनः मतदान कराया जाए।
पुलिस और प्रशासन पर लगे गंभीर आरोप
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे सेक्टर मजिस्ट्रेट और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण टस से मस नहीं हुए। आरोप है कि चुनावी प्रक्रिया में धांधली की गई है और मतदाता सूची के नाम पर बड़ा खेल हुआ है। ग्रामीणों का आरोप था कि जब असली मतदाता ने वोट नहीं डाला, तो फिर वोट किसने और कैसे डाल दिया?
बूथ के बाहर प्रदर्शन, अंदर फंसी पोलिंग पार्टी
हंगामा इतना बढ़ गया कि शाम सात बजे तक मतदान केंद्र के बाहर लोग नारेबाजी करते रहे, जबकि पोलिंग पार्टी मतदान केंद्र के भीतर ही फंसी रही। इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों पर भी लापरवाही और पक्षपात के आरोप लगाए गए।
स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में
खबर लिखे जाने तक मतदान केंद्र के बाहर ग्रामीणों का प्रदर्शन जारी था, जबकि प्रशासन स्थिति को नियंत्रण में रखने के प्रयास में जुटा हुआ था। यह घटना चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर गई है।

