Ó
हल्द्वानी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही प्रदेशभर में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी ने जिला पंचायत चुनाव 2025 के लिए नैनीताल जनपद के 20 वार्डों में अपने समर्थित प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है।
पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रतात सिंह बिष्ट द्वारा जारी सूची के अनुसार, इन प्रत्याशियों को प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की सहमति एवं जिला चुनाव समिति से चर्चा के बाद अंतिम रूप दिया गया है। भाजपा की ओर से यह स्पष्ट किया गया है कि सूची में शामिल सभी उम्मीदवारों को पार्टी का पूर्ण समर्थन प्राप्त होगा तथा उनके प्रचार में भाजपा कार्यकर्ता पूरी सक्रियता से जुटेंगे।
घोषित सूची में विभिन्न आरक्षण श्रेणियों का भी ध्यान रखा गया है। इसमें सामान्य, महिला, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जाति महिला वर्ग के प्रत्याशियों को शामिल किया गया है। इससे पार्टी की सामाजिक समावेश की नीति और सांगठनिक मजबूती का संदेश सामने आया है।
इस बीच, पार्टी ने वार्ड संख्या 1 (ककोड़), 2 (बझौं), 9 (सूपी), 10 (चाफड़) और 22 (जंगीनगर) को स्वतन्त्र घोषित किया है। इन वार्डों में भाजपा की ओर से कोई प्रत्याशी चुनाव नहीं लड़ेगा, यानी यहां पार्टी समर्थित उम्मीदवार नहीं होंगे।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह कदम भाजपा की रणनीतिक सोच और जमीनी समीकरणों के मद्देनजर लिया गया है, जो आगामी पंचायत चुनाव में संगठन को नई दिशा देने की क्षमता रखता है।
भाजपा की इस सक्रियता के बाद अब अन्य दलों पर भी प्रत्याशियों की घोषणा को लेकर दबाव बढ़ता दिख रहा है।
