हल्द्वानी। उत्तराखंड उच्च शिक्षा विभाग को नया निदेशक मिल गया है। राज्यपाल द्वारा डॉ. कमल किशोर पांडे को उच्च शिक्षा विभाग के निदेशक पद पर नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति विभागीय चयन समिति की संस्तुति और उत्तराखण्ड शासन के कार्मिक एवं सतर्कता विभाग की अनुमोदन प्रक्रिया के पश्चात की गई है।
डॉ. पांडे की नियुक्ति को शिक्षा जगत में एक सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है। उन्हें यह दायित्व उनके लंबे प्रशासनिक अनुभव और शिक्षण कार्य में उल्लेखनीय योगदान को ध्यान में रखते हुए सौंपा गया है। उनकी कार्यशैली में अनुशासन, पारदर्शिता और शिक्षा के प्रति समर्पण की छवि रही है।
उनकी प्रोन्नति पर क्षेत्र में खुशी की लहर है। भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्र प्रकाश तिवारी, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष दीपक सनवाल, पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र बिष्ट, तरुण बिष्ट, मोहित और चंद्रशेखर जोशी समेत कई सामाजिक व शैक्षणिक कार्यकर्ताओं ने डॉ. पांडे को बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
स्थानीय शिक्षाविदों का मानना है कि डॉ. पांडे की नियुक्ति से उत्तराखंड में उच्च शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी। उनके नेतृत्व में न केवल शैक्षणिक संस्थानों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आएगी, बल्कि संरचनात्मक और अकादमिक विकास को भी नई गति मिलेगी.
