लालकुआं। लालकुआं जुम्बा फिटनेस क्लब की ओर से नगर के ग्रीन पार्क में डांडिया एवं करवाचौथ उत्सव धूमधाम से मनाया गया। रंगारंग कार्यक्रम में सैकड़ों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर समारोह को यादगार बना दिया।


इस दौरान महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सजकर डांडिया की मनमोहक धुनों पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाली महिलाओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल ने विजेताओं के नामों की घोषणा की, जिसमें कांति कनवाल को करवाचौथ क्वीन चुना गया।


समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र लोटनी, जिला पंचायत सदस्य दीपा चंदोला, पूर्व जिला पंचायत सदस्य कमलेश चंदोला तथा सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती ने विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम की आयोजक चंद्रकला खाती, प्रियंका अरोड़ा, सपना गोयल, जया मित्तल एवं सुहिचि गोयल ने सभी अतिथियों और कार्यक्रम में शामिल महिलाओं का आभार व्यक्त किया। समारोह ने महिलाओं को उत्सव, मनोरंजन और आपसी मेलजोल का खूबसूरत अवसर प्रदान किया।
