लालकुआं-रुद्रपुर हाईवे पर हाथियों का झुंड आने से मचा हड़कंप, थमा यातायात

खबर शेयर करें -

लालकुआं। लालकुआं-रुद्रपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार शाम पंतनगर के समीप अचानक हाथियों का झुंड पहुंचने से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। करीब आधा दर्जन हाथियों के बीच सड़क पर आ जाने से हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार शाम करीब सात बजे हाथियों का झुंड अचानक जंगल से निकलकर हाईवे पर आ गया। इस दौरान झुंड में शामिल दो नन्हे हाथी सड़क पर अठखेलियां करते नजर आए। हाथियों को सड़क पर देखकर वाहन चालकों ने एहतियात के तौर पर अपने वाहन रोक दिए और झुंड के हटने का इंतजार करने लगे। काफी देर तक हाथियों के हाईवे पर विचरण करने से यातायात बाधित रहा।
कुछ देर बाद हाथियों का झुंड टांडा के जंगल की ओर बढ़ गया, जिसके बाद वाहन चालकों ने राहत की सांस ली और हाईवे पर यातायात फिर से सुचारु हो सका।
गौरतलब है कि लालकुआं-रुद्रपुर हाईवे पर हाथियों के झुंड की आवाजाही की घटनाएं अक्सर सामने आती रहती हैं। जंगल से सटे इस मार्ग पर हाथियों के अचानक सड़क पर आ जाने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ऐसे में वाहन चालकों को सावधानी बरतने के साथ ही वन्यजीवों की सुरक्षा और सड़क पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों को भी सतर्क रहने की जरूरत है।

Ad
Breaking News