कचरा प्रबंधन में लालकुआं नगर पंचायत देश में प्रथम, 17 नवंबर को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान

खबर शेयर करें -


लालकुआं। स्वच्छता और कचरा प्रबंधन के क्षेत्र में लालकुआं नगर पंचायत ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल कर उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय तथा राष्ट्रीय नगर कार्य संस्थान की ओर से आयोजित ‘शहरी सीख महोत्सव 2.0’ में लालकुआं नगर पंचायत को देशभर में प्रथम स्थान मिला है। इस उपलब्धि पर 17 नवंबर को देहरादून में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू नगर पंचायत को सम्मानित करेंगे।
नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने बताया कि इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर से 201 प्रविष्टियां प्राप्त हुई थीं। इनमें लालकुआं की पहल को उत्कृष्ट मानते हुए विजेता चुना गया। नगर पंचायत को यह उपलब्धि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से प्रभावी कचरा प्रबंधन व्यवस्था विकसित करने और उसे धरातल पर सफलतापूर्वक लागू करने के लिए मिली है।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान नगर की जनता, सफाई कर्मियों और स्वयं सहायता समूहों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। राष्ट्रीय नगर कार्य संस्थान की निदेशक डॉ. देबोलिना कुंडू ने भी पत्र भेजकर नगर पंचायत को इस उपलब्धि पर बधाई दी है।
सम्मान समारोह 17 नवंबर को देहरादून में आयोजित ‘पर्वत मंथन क्षेत्रीय सम्मेलन’ के दौरान होगा। इसमें केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू के हाथों नगर पंचायत के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया जाएगा।

Ad
Breaking News