लालकुआं में पहली बार सजेगा ईगास-बूढ़ी दीपावली का भव्य उत्सव, सांसद अजय भट्ट करेंगे शिरकत भैलो की चमक, छोलिया नृत्य की थाप और झोड़ा गीतों से गूंजेगा अवंतिका कुंज मंदिर परिसर, निःशुल्क लकी ड्रॉ भी रहेगा आकर्षण

खबर शेयर करें -
  • लालकुआं। उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत को सहेजने के उद्देश्य से लालकुआं में पहली बार लोकपर्व ईगास एवं बूढ़ी दीपावली का भव्य आयोजन किया जा रहा है। आगामी 20 नवंबर को मां अवंतिका कुंज देवी मंदिर परिसर में अपराह्न 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होने वाले इस सांस्कृतिक महोत्सव में पूर्व केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री तथा सांसद अजय भट्ट मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
    मां अवंतिका मंदिर समिति के तत्वावधान में आयोजित इस समारोह का शुभारंभ गौ पूजन एवं आरती के साथ होगा। इसके बाद मंदिर परिसर में भव्य दीपदान किया जाएगा। हजारों दीपों की रोशनी के बीच उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं की अनूठी छटा देखने को मिलेगी।
    कार्यक्रम में पारंपरिक झोड़ा गायन, छोलिया नृत्य और ईगास पर्व की पहचान माने जाने वाले पारंपरिक भैलो का विशेष प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहेगा। लोकगीतों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज के बीच आयोजित होने वाला यह उत्सव नई पीढ़ी को उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का प्रयास होगा।
    समारोह को और खास बनाने के लिए समिति की ओर से उपस्थित लोगों के लिए विशेष निःशुल्क लकी ड्रॉ भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें विजेताओं को आकर्षक उपहार दिए जाएंगे।
    मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि लालकुआं में पहली बार आयोजित हो रहे इस लोकपर्व को यादगार बनाने के लिए तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। समिति ने नगर एवं आसपास के क्षेत्रवासियों से सपरिवार कार्यक्रम में पहुंचकर दीपदान करने और उत्तराखंड की लोक संस्कृति के इस उत्सव का हिस्सा बनने की अपील की है।
Ad
Breaking News