स्वच्छता के क्षेत्र में लालकुआं को राष्ट्रीय सम्मान, ‘गुलमोहर’ समूह की पहल बनी मिसाल

खबर शेयर करें -

लालकुआं। स्वच्छता और कूड़ा प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए नगर पंचायत लालकुआं को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय और राष्ट्रीय शहरी कार्य संस्थान की ओर से आयोजित ‘अर्बन लर्नाथॉन 2.0’ में लालकुआं को ‘अन्य नगरीय निकाय’ श्रेणी में राष्ट्रीय विजेता घोषित किया गया है। यह सम्मान घर-घर कूड़ा संग्रहण और बेहतर अपशिष्ट प्रबंधन के लिए संचालित ‘गुलमोहर’ पुरुष स्वयं सहायता समूह की अभिनव पहल को मिला है।
देहरादून में आयोजित ‘पर्वत मंथन सम्मेलन’ में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने नगर पंचायत को प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी, तत्कालीन अधिशासी अधिकारी राहुल कुमार सिंह, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर बीसी भट्ट, सभासद भुवन पांडे एवं धन सिंह बिष्ट मौजूद रहे।
‘गुलमोहर’ समूह के सदस्य घर-घर जाकर कूड़ा एकत्र करने के साथ उसके व्यवस्थित निस्तारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इस पहल से नगर की स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होने के साथ स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिला है।
नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह सम्मान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, समूह के सदस्यों और नगरवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत आगे भी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।

Ad
Breaking News