हाथियों के उत्पात से ठप हुआ रेल संचालन, चार घंटे तक जंगल में फंसी रहीं पांच ट्रेनें

खबर शेयर करें -

 

लालकुआं। टांडा के जंगल में जंगली हाथियों के झुंड की गतिविधियों के चलते सोमवार को रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया। हाथियों द्वारा रेलवे ट्रैक किनारे खड़े विशालकाय पेड़ को क्षतिग्रस्त कर गिराने से 33 हजार केवी की विद्युत लाइन टूट गई। इसके चलते लालकुआं-काशीपुर रेलखंड पर चार घंटे से अधिक समय तक रेल संचालन ठप रहा। इस दौरान पांच ट्रेनें अलग-अलग स्थानों पर खड़ी रहीं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब आठ बजे लालकुआं से लगभग पांच किलोमीटर दूर लालकुआं-गूलरभोज रेलखंड के टांडा जंगल में हाथियों के झुंड ने रेलवे पटरी के किनारे खड़े एक विशालकाय पेड़ को क्षतिग्रस्त कर दिया। पेड़ की मोटी डाल 33 हजार केवी की विद्युत लाइन पर गिर गई, जिससे तार टूट गए और रेल संचालन बाधित हो गया।

अचानक हुई घटना के चलते लालकुआं से गूलरभोज जा रही यात्री ट्रेन संख्या 65301 जंगल के बीच ही रुक गई। इसके अलावा ट्रेन संख्या 5401, 55311, पाटलिपुत्र एक्सप्रेस और मुरादाबाद से लालकुआं आ रही ट्रेन संख्या 55303 को भी अलग-अलग स्थानों पर रोकना पड़ा।

सूचना मिलते ही लालकुआं और काशीपुर से रेलवे की टीआरडी टीमें मौके पर पहुंचीं और विद्युत लाइन की मरम्मत शुरू की। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद कर्मचारियों ने टूटे तारों को दुरुस्त किया। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे रेल संचालन बहाल हो सका और प्रभावित ट्रेनों को रवाना किया गया।

इज्जतनगर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी सफदर हुसैन ने बताया कि घटना के कारण यात्रियों को कुछ घंटों तक असुविधा का सामना करना पड़ा। रेलवे कर्मचारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मरम्मत कार्य पूरा किया और दोपहर 12 बजे तक रेल संचालन सामान्य कर दिया।

Ad
Breaking News