नैनीताल में 31 अगस्त को कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के चलते जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जारी किया आदेश

खबर शेयर करें -

नैनीताल, 30 अगस्त। मौसम विभाग द्वारा सोमवार 31 अगस्त 2026 को जनपद नैनीताल के लिए जारी किए गए ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल ने जिले में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है। इसके तहत कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालय तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्र सोमवार को बंद रहेंगे।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार नैनीताल जनपद में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों, नालों और गधेरों में तेज जल प्रवाह तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर लिया है।
जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार 31 अगस्त को जिले के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों के साथ आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण एवं कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश अनुमन्य रहेगा।
हालांकि, नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित ऐसे आवासीय शैक्षणिक संस्थान, जहां विद्यार्थियों के लिए शिक्षा एवं आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं, इस आदेश के दायरे में नहीं आएंगे।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का सभी संबंधित संस्थानों में कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Ad
Breaking News