नई दिल्ली। बनभूलपुरा रेलवे भूमि प्रकरण को लेकर बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में प्रस्तावित सुनवाई नहीं हो सकी। सुनवाई को लेकर नैनीताल पुलिस और प्रशासन ने क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे और बनभूलपुरा में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।
सुप्रीम कोर्ट की कंप्यूटर जनरेटेड सूची में अब मामले की अगली सुनवाई की तारीख 17 सितंबर 2026 दिखाई दे रही है। ऐसे में प्रकरण से जुड़े पक्षों के साथ ही बनभूलपुरा क्षेत्र के लोगों की निगाहें अब अगली सुनवाई पर टिक गई हैं।
रेलवे भूमि से जुड़ा यह मामला लंबे समय से सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है। प्रत्येक सुनवाई को लेकर बनभूलपुरा क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जाती है। बुधवार को सुनवाई प्रस्तावित होने के चलते नैनीताल पुलिस और प्रशासन ने भी पहले से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां पूरी कर ली थीं।
