हल्द्वानी। लामाचौड़ इलाके में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। प्राइवेट बस और एवेंजर बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। गनीमत रही कि इस भयावह हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुँचा है।
जानकारी के अनुसार, एक प्राइवेट बस हल्द्वानी से कालाढूंगी की ओर जा रही थी। जैसे ही बस लामाचौड़ के पास पहुँची, सामने से आ रही तेज रफ्तार एवेंजर बाइक सीधे बस के बोनट से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक की टंकी फट गई और पेट्रोल सड़क पर फैल गया, जिससे देखते ही देखते आग भड़क उठी।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही एफएसओ मिंदर पाल सिंह के नेतृत्व में दमकल टीम मौके पर पहुँची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के समय बस में कोई यात्री सवार नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
हादसे में बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई, जबकि बस के इंजन को भी काफी नुकसान पहुँचा है। टक्कर के तुरंत बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। पुलिस बाइक के नंबर के आधार पर उसकी तलाश कर रही है।
चश्मदीदों के अनुसार, आग लगने के बाद घटनास्थल का मंजर बेहद डरावना था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसा ओवरस्पीडिंग या नशे की वजह से तो नहीं हुआ। मामले में मुकदमा दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस और प्रशासन ने वाहन चालकों से खासकर रात के समय सावधानी बरतने की अपील की है, क्योंकि कालाढूंगी मार्ग पर कम विजिबिलिटी और तेज रफ्तार अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बनती है।

