घरेलू विवाद में पति ने फावड़े के हत्थे से पत्नी के सिर पर किया वार, इलाज के दौरान मौत

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। गौलापार क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान एक पति ने पत्नी के सिर पर फावड़े के हत्थे से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार देवला तल्ला पजाया, गौलापार निवासी 56 वर्षीय महेंद्र सिंह रावत किसान है। उसका अक्सर अपनी 45 वर्षीय पत्नी नीलम रावत से विवाद होता रहता था। बताया गया कि गत दोपहर भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर महेंद्र ने फावड़े के हत्थे से नीलम के सिर पर हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से नीलम अचेत होकर गिर पड़ी।
घटना की जानकारी आरोपी पति ने स्वयं पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल नीलम को उपचार के लिए एसटीएच पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजनों ने उसे हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
काठगोदाम थाना प्रभारी जसवीर सिंह चौहान ने बताया कि मृतका की बहन की तहरीर पर आरोपी पति महेंद्र सिंह रावत के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बताया गया है कि मृतका नीलम का मायका लालकुआं में है। उसकी मौत की खबर मिलते ही मायके और ससुराल पक्ष के परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है।

Ad
Breaking News