मंडलीय रेलवे समिति की बैठक में गूंजे क्षेत्र की रेल परियोजनाओं के मुद्दे, नई ट्रेनों व स्टेशन विकास की उठी मांग

खबर शेयर करें -

लालकुआं। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल, बरेली में मंगलवार को आयोजित मंडलीय रेलवे समिति की बैठक में नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र से जुड़ी रेल परियोजनाओं, यात्री सुविधाओं और रेलवे स्टेशनों के विकास से संबंधित विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। बैठक की अध्यक्षता बरेली के सांसद छत्रपाल गंगवार ने की।
नैनीताल-ऊधमसिंह नगर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट पूर्व निर्धारित शासकीय कार्यक्रमों के कारण बैठक में शामिल नहीं हो सके। उनकी ओर से अधिकृत प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह खाती ने बैठक में हिस्सा लेकर क्षेत्र की लंबित रेल परियोजनाओं और जनहित से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से रखा।

 

 


उन्होंने काशीपुर-धामपुर नई रेल लाइन, लालकुआं-सितारगंज प्रस्तावित रेल परियोजना के सर्वेक्षण, किच्छा-खटीमा रेलखंड तथा हल्द्वानी, काठगोदाम, लालकुआं, रुद्रपुर, काशीपुर, किच्छा, सितारगंज और खटीमा रेलवे स्टेशनों के विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा की। साथ ही इन परियोजनाओं के प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर स्वीकृति के लिए अग्रसारित किए जाने की मांग की। उनका कहना था कि इन योजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र की जनता को बेहतर और सुगम रेल सुविधाएं मिल सकेंगी।
बैठक में काठगोदाम से दिल्ली के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस तथा काठगोदाम से कामाख्या तक नई रेल सेवा शुरू करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। इसके अलावा लालकुआं रेलवे स्टेशन पर बने एस्केलेटर का संचालन लंबे समय से शुरू नहीं होने का मुद्दा भी उठाते हुए इसे जल्द चालू कराने की मांग की गई, ताकि यात्रियों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और दिव्यांगजनों को सुविधा मिल सके।
बैठक के दौरान सांसद अजय भट्ट की ओर से प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह खाती ने पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर को क्षेत्र की विभिन्न रेल परियोजनाओं एवं जनहित से जुड़े मुद्दों का विस्तृत ज्ञापन भी सौंपा। महाप्रबंधक ने सभी मांगों पर सकारात्मक विचार कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बैठक के समापन पर महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने लक्ष्मण सिंह खाती को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों के सांसद, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं मंडलीय रेलवे समिति के सदस्य मौजूद रहे।

Ad Ad
Breaking News