
नैनीताल। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 8 जुलाई 2026 को सुबह 9:30 बजे जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 9 जुलाई (गुरुवार) को नैनीताल जनपद के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने जिले में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना जताई है।
लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 9 जुलाई (गुरुवार) को जनपद के सभी सरकारी, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नागरिकों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

