नैनीताल। जनपद नैनीताल में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल ने 7 सितंबर 2026 (सोमवार) को जिले के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 7 सितंबर को जनपद में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना है। वर्तमान में पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों में हो रही बारिश के चलते नदी-नालों और गधेरों में तेज जल प्रवाह तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका बनी हुई है।
कक्षा 1 से 12 तक के सभी शिक्षण संस्थान रहेंगे बंद
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों के साथ-साथ जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी 7 सितंबर को बंद रहेंगे। विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं कार्यालय स्टाफ को भी अवकाश अनुमन्य रहेगा।
हालांकि, नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित उन आवासीय शिक्षण संस्थानों पर यह आदेश लागू नहीं होगा, जहां विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
