- इज्जतनगर थाना क्षेत्र में नैनीताल हाईवे किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी, लेकिन देर शाम तक महिला की पहचान नहीं हो सकी।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह रोड नंबर आठ के पास एक चाय के खोखे के बाहर महिला का शव पड़ा होने की सूचना यूपी-112 और पुलिस को मिली। मौके पर पहुंचे इज्जतनगर थाना प्रभारी सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि खोखा मालिक ने ही सबसे पहले शव को देखकर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के अनुसार, करीब 40 वर्षीय महिला नीले-काले रंग की फूलदार कुर्ती और पीले रंग की सलवार पहने हुए थी। मृतका के शरीर पर कई टैटू बने हुए हैं, जिनमें दाहिने हाथ पर ‘ओम’, ‘रामधनी’, दिल का निशान और अंग्रेजी में ‘पूनम’ लिखा है। वहीं बाएं हाथ पर ‘रोहित’, ‘सुनील’, ‘पूनम’ और ‘राजेंद्र’ नाम गुदे हुए हैं। गले में एक लॉकेट मिला है, जिस पर उर्दू में ‘अल्लाह’ लिखा हुआ है।
पुलिस ने आसपास के लोगों और गांववालों से शव की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी। शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल द्वारा कराया गया। महिला डॉक्टर ने दुष्कर्म की आशंका के चलते स्लाइड भी तैयार की है, हालांकि मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। ऐसे में विसरा सुरक्षित रख लिया गया है।
प्रारंभिक जांच में महिला के शरीर पर हल्की खरोंच के निशान मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि महिला की हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर फेंका गया है। घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे न होने के कारण पुलिस को जांच में दिक्कत आ रही है।
सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि महिला की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं और मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

