लालकुआं।
उत्तराखंड बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा परिणाम में हल्दूचौड़ स्थित चिल्ड्रन्स एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी शैक्षिक गुणवत्ता का लोहा मनवाया है। विद्यालय के पांच मेधावी विद्यार्थियों ने प्रदेश मेरिट सूची में स्थान हासिल कर न केवल स्कूल, बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
इस सफलता में देवेश जोशी ने 500 में से 484 अंक (96.8%) हासिल कर प्रदेश में पांचवीं रैंक प्राप्त की। गणित में 98 और अन्य विषयों में भी उत्कृष्ट अंक लाकर उन्होंने शीर्ष स्थान में जगह बनाई। धीरज मिश्रा ने 479 अंक (95.8%) के साथ नौवीं रैंक हासिल की, वहीं भावेश जोशी ने 477 अंक (95.4%) के साथ 11वीं रैंक प्राप्त कर विद्यालय का मान बढ़ाया।
इसके अलावा क्षितिज दुम्का ने 466 अंक (93.2%) के साथ प्रदेश में 22वां स्थान हासिल किया। वहीं आकांक्षा पांडे ने 463 अंक (92.6%) प्राप्त किए, जिसमें हिंदी में 100 अंक उनकी विशेष उपलब्धि रही। सभी विद्यार्थियों ने अपने-अपने विषयों में शानदार प्रदर्शन कर सफलता का परचम लहराया।
छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों के मार्गदर्शन, नियमित अध्ययन और परिवार के सहयोग को दिया। उनके भविष्य के लक्ष्य भी स्पष्ट हैं—कोई सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनना चाहता है तो कोई बैंकिंग, चार्टर्ड अकाउंटेंसी और रिसर्च के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देख रहा है।
विद्यालय के डायरेक्टर श्रीष पाठक ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय की अनुशासित शिक्षा प्रणाली और शिक्षकों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में भी विद्यालय इसी तरह उत्कृष्ट परिणाम देता रहेगा।

